Last Updated: Friday, March 1, 2013, 14:30
अगरतला : त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने शुक्रवार को उम्मीद जताई कि वाम मोर्चा की जीत के साथ देश में वामपंथी और लोकतांत्रिक आंदोलन को नई ऊर्जा मिलेगी। राज्य में सरकार के नेतृत्व में वाम मोर्चा ने लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की है।
माकपा पोलित ब्यूरो के वरिष्ठ सदस्य सरकार ने कहा कि लोगों ने हम पर भरोसा जताया है और अब हमें जनता की मदद से अपने चुनावी वादों को पूरा करना होगा। हमारा मुख्य उद्देश्य लोगों की जीवनशैली में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि राज्य में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न हुए जो जनता की मदद के बिना संभव नहीं हो सकता था।
सरकार ने संवाददाताओं से कहा कि हम अमन और चैन बनाये रखने तथा लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। चुनाव से पहले सभी दलों ने जनता के सामने अपनी बात रखी। लोगों ने सभी राजनीतिक दलों की बात सुनी और मतदान के जरिये फैसला सुना दिया। हम लोगों के सोचे समझे निर्णय के लिए उनके आभारी हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 1, 2013, 14:30