Last Updated: Monday, March 12, 2012, 16:28
ज़ी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली: लंबी
जद्दोजहद के बाद कांग्रेस ने सोमवार को उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री का नाम तय कर दिया। टिहरी से कांग्रेस सांसद विजय बहुगुणा राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी नेताओं से विचार-विमर्श करने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में बहुगुणा के नाम को हरी झंडी दी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने नई दिल्ली में सोमवार शाम को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि चुनाव नतीजे के आने बाद चार निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस को समर्थन दिया था और उसके बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। विधायक दल ने नेता का चयन करने के लिए सर्वसम्मति से कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अधिकृत कर दिया।
उन्होंने कहा कि हमने भी एक-एक कर सभी विधायकों की राय ली और इसमें भी सबने फैसला लेने का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष पर छोड़ दिया। सांसदों से भी राय ली गई और इसके बाद आज हुई बैठक में कांग्रस अध्यक्ष ने विजय बहुगुणा को विधायक दल का नेता चुना।
बहुगुणा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा के बेटे व कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के भाई हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। निर्दलीय विधायकों के समर्थन के सहारे उसने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। सोमवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा की थी। बसपा के तीन उम्मीदवारों ने विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी।
एक दिन पहले ही पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और कांग्रेस महासचिव चौधरी वीरेंद्र सिंह ने केंद्रीय मंत्री हरीश रावत और सांसद विजय बहुगुणा से मुलाकात की थी। दोनों ही मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे। कांग्रेस ने इससे पहले संकेत दिया था कि मुख्यमंत्री पद के लिए किसी विधायक के नाम पर ही विचार होगा। आजाद ने कहा कि उत्तराखंड में सरकार बनाने में कोई भी समस्या सामने नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि बसपा ने भी सरकार को समर्थन जताया है। विजय बहुगुणा टिहरी गढ़वाल से लोकसभा सांसद है और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रीता बहुगुणा जोशी के भाई हैं।
First Published: Tuesday, March 13, 2012, 10:16