Last Updated: Sunday, July 22, 2012, 22:18
रामेश्वरम (तमिलनाडु) : श्रीलंका के नौसैनिकों ने आज कथित तौर पर पाक जलडमरूमध्य में काचाथेवू के पास कुछ नावों पर हमला कर तमिलनाडु के 23 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया।
मतस्यपालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका की नौसेना ने पांच नावों को भी जबरन अपने कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों ने बताया कि मछुआरों को मन्नार न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया जाएगा।
रामेश्वरम मछुआरे संघ के अध्यक्ष एमिरेट ने कहा कि श्रीलंका के नौसैनिकों ने 20 अन्य नावों पर भी हमला किया और उनके मछली पकड़ने के जाल जब्त कर लिए। काचाथेवू एक छोटा द्वीप है, जिसे भारत ने वर्ष 1974 में श्रीलंका को सौंप दिया था।
गौरतलब है कि एक जुलाई को श्रीलंका की नौसेना की ओर से भारत के 10 मछुआरों को हिरासत में लिए जाने के बाद तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिख कर भारतीय मछुआरों के प्रति श्रीलंकाई नौसैनिकों के बुरे बर्ताव पर चिंता जतायी और केंद्र से हस्तक्षेप करने की अपील की थी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 22, 2012, 22:18