Last Updated: Sunday, June 24, 2012, 19:43
रामेश्वरम (तमिलनाडु) : कचातीवु तट के पास कथित तौर पर श्रीलंकाई नौसैनिकों ने चार भारतीय मछुआरों पर आज हमला किया है, हालांकि उनके द्वारा हिरासत में लिए गए नौ अन्य मछुआरे पास स्थित मंडपम तटरक्षक शिविर में पहुंच गए हैं।
मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रीलंकाई नौसैनिकों ने कचातीवु तट के पास चार मछुआरों की कथित तौर पर नायलोन की रस्सियों से पिटाई की। कचातीवु द्वीप को 1970 में श्रीलंका को दे दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि ये चारों लोग उन करीब 3,000 मछुआरों में शामिल हैं जो यहां से 676 नौकाओं पर समुद्र में उतरे थे। उन्होंने बताया कि श्रीलंकाई नौसेना कर्मियों ने कथित तौर पर नौकाओं को चारो ओर से घेर लिया और उन्हें बंदूक का भय दिखाकर इलाके से दफा हो जाने की धमकी दी।
श्रीलंकाई नौसेनाकर्मी विभिन्न नौकाओं में रखी गई मछली भी अपने साथ ले गए। अधिकारियों ने मछुआरों के हवाले से बताया, मछुआरों को धमकी दी गई कि यदि श्रीलंकाई जल क्षेत्र में प्रवेश किया तो उन्हें जीवन भर के लिए कैद कर लिया जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Sunday, June 24, 2012, 19:43