सपा के खिलाफ हो रही साजिश : अखिलेश

सपा के खिलाफ हो रही साजिश : अखिलेश

सपा के खिलाफ हो रही साजिश : अखिलेश लखनऊ: आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के हर जिले में सघन जनसम्पर्क अभियान की शुरुआत की।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने औरैया जिले में आयोजित कार्यक्रम में इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि उप्र की कई परियोजनाओं में दूसरे प्रदेश रुचि ले रहे हैं और इनकी प्रशंसा कर रहे हैं, लेकिन कुछ दल बराबर झूठी आलोचनाएं करने में लगे हुए हैं। लोकसभा के आगामी चुनाव के मद्देनजर सपा के खिलाफ साजिशें रची जा रही है। हमें इससे सतर्क रहना होगा।

उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में सरकारी खजाना पत्थरों पर खर्च नहीं किया जाएगा बल्कि किसानों, नौजवानों, और बेरोजगारों के हित में योजनाओं पर खर्च होगा।

यादव ने कहा कि कांग्रेस के कारण महंगाई छाई हुई है। उप्र विकास के पथ पर अग्रसर है, लेकिन केंद्र से अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है। अपने साधनों से हमने ज्यादातर चुनावी वायदे पूरे कर दिए हैं और शेष भी शीघ्र पूरे हो जाएंगे। प्रदेश में कानून व्यवस्था पहले से बेहतर है। रोजगार के अवसरों के सृजन के लिए औद्योगिक वातावरण बनाया जा रहा है।

सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार के मंत्रियों ने अलग-अलग जिलों में मौजूद रहकर इस अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि पार्टी के इस अभियान के बाद भी बैठकों, नुक्कड़ सभाओं और साइकिल यात्राओं का कार्य जारी रहेगा। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 23, 2013, 21:41

comments powered by Disqus