सपा प्रमुख मुलायम ने फूंका चुनावी बिगुल - Zee News हिंदी

सपा प्रमुख मुलायम ने फूंका चुनावी बिगुल




एटा (यूपी) : व्यवस्था परिवर्तन के आह्वान और लक्ष्य के साथ बुद्धवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने अभियान का शंखनाद कर दिया। सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने एटा की सरजमी पर पार्टी का चुनावी बिगुल फूंकते हुए जनता का आह्वान किया कि वे प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के साथ-साथ दिल्ली में भी पार्टी को सत्ता का भागीदार बनायें क्योंकि न्याय के लिए सपा को प्रदेश और केन्द्र दोनों जगह लड़ना होगा।

 

यादव ने कहा कि एटा की इस रैली का संदेश पूरे देश में जाएगा और जनता को अपने वोट से अपनी तकदीर बदल डालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश के हित में राज्य की मायावती सरकार का हटना जरुरी है क्योंकि इस सरकार ने भ्रष्टाचार और बेशर्मी की सारी हदें पार कर ली है।

 

सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पार्टी को इतना मजबूत करें कि केन्द्र में उसके सहयोग के बिना कोई सरकार नहीं बन सके। ऐसा होने से जनता को बिजली, पानी और रोजगार समेत सभी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने मुसलमानों की हालत को दलितों से भी गई गुजरी बताते हुए कहा कि केन्द्र सरकार उनकी दयनीय दशा की सच्चाई पेश करने वाली सच्चर समिति और रंगनाथ मिश्र की सिफारिशों को दबाए बैठी है।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, November 16, 2011, 20:05

comments powered by Disqus