Last Updated: Monday, January 23, 2012, 12:05
मुंबई : शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे का 86वां जन्मदिन सादे ढंग से मनाया गया, क्योंकि मुंबई नगर निगम चुनाव को लेकर महानगर में आचार संहिता लागू है। शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे को बेबाक नेता बताते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उन्हें जन्म दिन की शुभकामनाएं दी।
बृहन मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (बीएमसी) का चुनाव मात्र एक माह दूर रह गया है, लिहाजा ठाकरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए कहीं भी होर्डिग्स या बैनर लगे नहीं दिखाई दिए। कुछ समय से बीमार रहे ठाकरे हालांकि सोमवार को बेहतर दिखे और उन्होंने पत्रकारों से बात की। ठाकरे ने कहा कि शिव सैनिकों से मुलाकात टॉनिक की तरह है। उन्होंने इस बात को लेकर खेद व्यक्त किया कि वह अधिक उम्र और खराब स्वास्थ्य के कारण सभी शिव सैनिकों से मिल पाने में अक्षम हैं।
ठाकरे ने कहा कि वह फरवरी में मुम्बई और पड़ोस के ठाणे में दो रैलियों को संबोधित करेंगे और उसके लिए वह अपनी ऊर्जा बचा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में बांद्रा स्थित ठाकरे के आवास पर पहुंच कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि वह लोगों से मौखिक रूप से एक भावुक अपील करेंगे कि वे बीएमसी को सेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन के पास बनाए रखने में मदद करें।
ज्ञात हो कि सेना-भाजपा गठबंधन को कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गठबंधन से मुंबई नगर निगम चुनाव में चुनौती मिल रही है।
(एजेंसी)
First Published: Monday, January 23, 2012, 17:35