Last Updated: Friday, December 14, 2012, 22:47
इटावा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एवं सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के गांव सैफई में हर वर्ष होने वाला ‘रणवीर सिंह स्मृति सैफई महोत्सव’ आज एक भव्य समारोह के साथ शुरू हुआ।
पन्द्रह दिन चलने वाले इस भव्य महोत्सव का उद्घाटन करते हुए जवाहर लाल नेहरू विश्व विद्यालय के हिन्दी के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. केदारनाथ सिंह ने प्रदेश की लोक कलाओं एवं लोक संगीत के संरक्षण संवर्धन के लिए एक संस्थान स्थापित किए जाने की जरूरत बताई और इस दिशा में प्रदेश सरकार से प्रभावी कदम उठाए जाने का आग्रह किया।
सैफई स्टेडियम में हुए उद्घाटन समारोह में उपस्थित सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अपने संक्षिप्त संबोधन लोक धारा कार्यक्रमों में भागीदारी करने वाले छात्र-छात्राओं का उत्साह वर्धन किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
महोत्सव के उद्घाटन समारोह में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के अलावा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के अलावा बडी संख्या में सपा नेता एवं मंत्री मौजूद थे। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 14, 2012, 22:47