हिमस्‍खलन में फंसे नौ लोगों को बचाया - Zee News हिंदी

हिमस्‍खलन में फंसे नौ लोगों को बचाया

 

श्रीनगर : कश्मीर के हिमस्खलन प्रभावित सोनमर्ग इलाके में तीन दिन से फंसे नौ व्यक्तियों को शुक्रवार को सेना की मदद से स्थानीय प्रशासन ने बचा लिया जबकि गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन में लापता हुए सेना के तीन जवानों को जिंदा खोजने की उम्मीद क्षीण हो गई है।

 

प्राकृतिक आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के समन्वयक आमिर अली ने कहा कि बर्फ से ढके सोनमर्ग इलाके में आज सुबह सेना की मदद से नौ व्यक्तियों को बचा लिया गया। अली ने बताया कि तीन सरकारी कर्मचारी यहां से करीब 85 किमी दूर सोनमर्ग से बुधवार को पैदल गंदेरबाल जा रहे थे। मार्ग में कुछ स्थानों पर भारी हिमपात और हिमस्खलन हुआ जिसके बाद इनमें से दो कर्मचारी लापता हो गए।

 

उन्होंने बताया कि तीनों में से एक ही कर्मचारी गंदेरबाल पहुंच सका और प्रशासन को उसने दो साथियों के लापता होने की सूचना दी। बहरहाल, लापता व्यक्तियों ने फोन के माध्यम से अधिकारियों से संपर्क किया और बताया कि उन्होंने शित्कारी पुल के नीचे शरण ले रखी है। अली ने कहा कि बचाव दल जब वहां पहुंचा तो उसने दोनों कर्मचारियों सहित नौ व्यक्तियों को वहां पाया।

 

अली ने कहा कि उन्हें चीता हेलीकॉप्टर से सोनमर्ग लाया गया जहां से एमआई-17 हेलीकॉप्टर से उन्हें गंदेरबाल जिला मुख्यालय ले जाया जाएगा। बुधवार की शाम सोनमर्ग में हिमस्खलन की कुछ घटनाएं हुई थीं। एक घटना में सेना के तीन जवान मारे गए थे और छह अन्य घायल हो गए थे।

(एजेंसी)

First Published: Friday, February 24, 2012, 20:33

comments powered by Disqus