हिमाचल में बारिश,हिमपात ने पहुंचाई राहत

हिमाचल में बारिश,हिमपात ने पहुंचाई राहत

शिमला : हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार को भारी बारिश हुई और प्रदेश के ऊंचाई वाले कबीलाई इलाकों में एक बार फिर से हिमपात हुआ। सूरज की तपिश से बेहाल लोगों को इस वर्षा और हिमपात से राहत मिली है।

पिछले दो सप्ताह से तापमान सामान्य से छह से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक था जो आज हुई भारी बारिश और आंधी के बाद कम हो गया। इस वर्षा के चलते निचली और मध्य पहाड़ियों पर स्थित जंगल में लगी आग भी बुझ गयी।

राज्य की राजधानी शिमला में, लगभग दो घंटे तक भारी वष्रा हुई और आंधी चलती रही जिसके चलते तापमान में तीव्र गिरावट दर्ज की गयी। इस क्षेत्र में तेज हवाएं चलीं और आसमान में घटाटोप अंधेरा छा गया।

महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल धर्मशाला, पालमपुर, मनाली, कुल्लू, चैल, कसौली, चंबा और बरोग में भी भारी बारिश हुयी। कांगड़ा और उना के कई इलाकों में भी वष्रा हुयी जिसने लंबे समय तक मौसम शुष्क रहने के कारण जानवरों के लिए चारे की कमी का सामना कर रहे किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि धर्मशाला और कांगड़ा में हुयी वर्षा के कारण तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस कम हो गया है।

विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विभोक्ष के चलते धर्मशाला और आसपास के इलाकों में और अधिक वर्षा हो सकती है। (एजेंसी)

First Published: Monday, May 27, 2013, 19:33

comments powered by Disqus