Last Updated: Saturday, July 13, 2013, 13:44

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रमुख शिबू सोरेन के पुत्र और आज राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हेमंत सोरेन ने राजनीति का ककहरा अपने घर में अपने पिता से सीखा है।
हेमंत का जन्म 10 अगस्त, 1975 को रामगढ़ में हुआ था और बोकारो से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण करने के बाद पटना विश्वविद्यालय से 1994 में उन्होंने इंटर पास किया। बाद में उन्होंने रांची के बीआईटी मेसरा में मेकेनिकल इंजीनियरिंग में भी दाखिला लिया। वर्ष 2003 में राजनीति में पदार्पण करते हुए वह झारखंड छात्र मोर्चा के अध्यक्ष बने।
उन्होंने पिता को केन्द्र की सरकार में शामिल होते, झारखंड में तीन बार मुख्यमंत्री बनते तथा पद से उतरते देखा। इससे उनका राजनीतिक अनुभव मजबूत हुआ। हेमंत 24 जून, 2009 से चार जनवरी 2010 तक राज्यसभा सांसद भी रहे और फिर पहली बार 23 दिसंबर, 2009 को दुमका से वर्तमान विधानसभा के लिए विधायक चुने गये।
11 सितंबर, 2010 को राज्य में अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में बनी सरकार में हेमंत को उपमुख्यमंत्री का ओहदा मिला और उन्होंने राज्य के वित्त मंत्री, नगर विकास मंत्री, आवास, पेयजल, नागर विमानन तथा खान विभाग की भी जिम्मेदारी संभाली। लेखक के रूप में प्रेमचंद को पसंद करने वाले हेमंत सोरेन आधुनिक युग की प्रौद्योगिकी से वाकिफ हैं और नेट सर्फिंग करने में रुचि रखते हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, July 13, 2013, 11:27