Last Updated: Wednesday, July 10, 2013, 15:50

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन झारखंड के 9वें मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) तथा अन्य छोटे दलों के विधायकों एवं निर्दलीय विधायकों के समर्थन से हेमंत ने मंगलवार को राज्यपाल सैयद अहमद से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
उधर, झारखंड के राज्यपाल सैयद अहमद ने बुधवार को केंद्र सरकार से राज्य से राष्ट्रपति शासन हटाने की अनुशंसा की। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अहमद ने आज केंद्रीय गृह मंत्रालय से राज्य से राष्ट्रपति शासन हटाने की अनुशंसा की।
झामुमो ने उन 43 विधायकों के नाम राज्यपाल को सौंपे, जिन्होंने झामुमो के नेतृत्व में बनने वाली सरकार को समर्थन देने की बात कही है। अब सभी की आंखें राज्यपाल पर टिकी हैं। राजभवन के सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को रिपोर्ट भेज दी है। केंद्र द्वारा राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के बाद यहां नई सरकार बनेगी।
झारखंड, नवंबर 2000 में बिहार से अलग होकर राज्य बना था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाबूलाल मरांडी राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने थे। बाद में उनकी जगह भाजपा के ही अर्जुन मुंडा ने ली। झामुमो के शिबू सोरेन तीसरे मुख्यमंत्री थे। लेकिन उन्होंने केवल आठ दिन बाद इस्तीफा दे दिया। इसके बाद भाजपा के अर्जुन मुंडा ने उनकी जगह ली।
कांग्रेस, झामुमो तथा राजद के समर्थन से निर्दलीय विधायक मधु कोड़ा सितंबर 2006 में राज्य के पांचवें मुख्यमंत्री बने। अगस्त 2008 में शिबू सोरेन राज्य के छठे मुख्यमंत्री बने। उन्होंने दिसंबर 2009 में फिर शपथ ली। अर्जुन मुंडा सितंबर 2010 में राज्य के आठवें मुख्यमंत्री बने। अब हेमंत सोरेन राज्य के नौवें मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 10, 2013, 14:55