Last Updated: Wednesday, August 7, 2013, 09:17

मुंबई : पहली बार इनकार के बाद अभिनेता सलमान खान को आखिरकार ब्रिटेन का वीजा मिल गया है और अब वह आगामी फिल्म ‘किक’ की शूटिंग के लिए लंदन रवाना होंगे। अभिनेता के एक निकटस्थ सूत्र ने बताया, वह लंदन जाएंगे। उनके पिता सलीम ने कहा था कि 47 वर्षीय अभिनेता को वीजा दिए जाने से इनकार कर दिया गया था क्योंकि वीजा जरूरतों के लिए शिकार मामले से जुड़े कुछ कागजात समय पर नहीं पहुंच पाए थे।
सलीम ने कहा था, जोधपुर से कुछ कागजात नहीं आ पाए थे इसलिए उन्हें वीजा दिए जाने से इनकार कर दिया गया था। तकनीकी कारणों से यह सब हुआ। उनके पिता सलीम खान ने बताया था कि वीजा देने से मना कर दिया गया था क्योंकि राजस्थान में चिंकारा और काला हिरण के कथित शिकार से जुड़े कुछ अदालती कागजात यहां वक्त पर नहीं आ सके। शिकार की यह घटना 1998 में फिल्म ‘हम साथ साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान की है।
सलमान को दो मामलों में दोषी ठहराया गया और एक मामले में उन्हें पांच साल की सजा दी गई है जबकि दूसरे में एक साल की। उन्होंने दोनों सजाओं के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील की थी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 6, 2013, 22:03