Last Updated: Friday, July 27, 2012, 21:02

मुंबई : अभिनेता आमिर खान ने आगामी फिल्म ‘धूम-3’ की शूटिंग से एक दिन का अवकाश ले लिया है क्योंकि वह अपनी बहन निकहत का 50 वां जन्मदिन मनाना चाहते हैं। 47 वर्षीय आमिर तीन अगस्त को ‘धूम 3’ की शूटिंग के लिए शिकागो जाने वाले थे, लेकिन अब वह बाद में शिकागो जाएंगे। उनके परिवार ने निकहत का जन्मदिन मनाने की योजना बनाई है।
आमिर अपने टीवी शो ‘सत्यमेव जयते’, रीमा कागती की ‘तलाश’ और ‘धूम-3’ में व्यस्त हैं। तीन अगस्त को निकहत का 50 वां जन्मदिन है। इसी दिन आमिर को यूनिट के साथ शिकागो जाना था। अब आमिर राखी भी मनाना चाहते हैं जो दो अगस्त को है। इसीलिए उनके परिवार ने दो अगस्त की रात पार्टी की योजना बनाई है।
एक सूत्र ने बताया कि पार्टी के बारे में सुन कर उन्होंने धूम-3 के निर्देशक विक्टर और आदित्य चोपड़ा से कहा कि क्या उन्हें एक दिन बाद शिकागो जाने की अनुमति मिल सकती है। विक्टर और आदित्य मान गए। अब आमिर चार अगस्त को शिकागो रवाना होंगे। आमिर के प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि हां, पूरा परिवार एक साथ होने वाला है। ‘धूम-3’ में आमिर के साथ कैटरीना कैफ हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा पुलिस अधिकारियों की भूमिका में हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 27, 2012, 21:02