Last Updated: Saturday, February 25, 2012, 11:04
पेरिस : फ्रांस की मूक फिल्म ‘द आर्टिस्ट’ अपने देश के ‘सीजर्स’ पुरस्कारों में भी छायी रही। दो दिन बाद होने वाले ऑस्कर पुरस्कार समारोह से पहले फ्रांस के सालाना सीजर्स पुरस्कारों में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म और कई दूसरे पुरस्कार मिले। यह श्वेत-श्याम फिल्म ऑस्कर की दौड़ में भी सबसे आगे चल रही है।
हॉलीवुड के स्वर्णिम युग को समर्पित इस फिल्म के लिए निर्देशक माइकल हजानाविसियस को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह फिल्म एक ऐसे मूक फिल्म के अभिनेता की कहानी है जो ‘टॉकीज’ सिनेमा के आने से पहले संघर्ष कर रहा था।
पेरिस के शातेले थियेटर में हुए समारोह में फिल्म की अभिनेत्री बेरेनीस बेजो को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सीजर्स पुरस्कार मिला। बेजो ऑस्कर पुरस्कारों के सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री पुरस्कार श्रेणी में नामांकित हैं।
‘द आर्टिस्ट’ को सर्वश्रेष्ठ गीत, सर्वश्रेष्ठ सेट डिजाइन और सर्वश्रेष्ठ छायाकंन का भी पुरस्कार मिला। हालांकि फिल्म के अभिनेता ज्यां दुजार्दिन को कोई पुरस्कार नहीं मिला लेकिन वह दो दिन बाद होने वाले ऑस्कर पुरस्कारों के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।
फिल्म पहले ही कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीत चुकी हैं। इसे अब तक गोल्डन ग्लोब, ब्रिटिश बाफ्टा और स्पेनिश गोयाज जैसे कई पुरस्कार मिल चुके हैं। फिल्म को ऑस्कर पुरस्कारों की दस श्रेणियों में नामांकन मिला है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, February 25, 2012, 16:34