मशहूर व्यंग्यकार जसपाल भट्टी पंचतत्व में विलीन

मशहूर व्यंग्यकार जसपाल भट्टी पंचतत्व में विलीन

चंडीगढ़ : हास्य कलाकार एवं फिल्मकार जसपाल भट्टी का आज यहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, अभिनेता गुरदास मान समेत हजारों लोग मौजूद थे। भट्टी की मृत्यु का समाचार यहां जैसे ही पहुंचा शोक की लहर दौड़ गई। 57 वर्षीय भट्टी ने अपनी आखिरी सांसें जालंधर के अस्पताल में लीं। जिले के नकोदर इलाके में शाहकोट के निकट उनकी कार के तड़के ढाई बजे एक पेड़ से टकराने की घटना में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी।

समाज के सभी तबके के लोग सेक्टर 19 डी में 3040 नंबर के मकान में भट्टी को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे। वहां भट्टी अपने परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी सविता ने संकट की घड़ी में काफी साहस दिखाया। अपने घर पर आए शोकाकुल लोगों से उन्होंने कहा, ‘भट्टी अपने व्यंग्य से सामाजिक संदेश दिया करते थे। वह एक साहसी व्यक्ति थे।’ लोगों की बातों का मजाक उड़ाए जाने के चलते कई बार विभिन्न लोगों से धमकी भरा कॉल आने पर वह डरे नहीं।

उन्होंने याद करते हुए बताया कि भट्टी ने कभी सेलिब्रिटी की तरह बर्ताव नहीं किया। वह हमेशा जमीन से जुड़े रहे। भट्टी का बेटा जसराज दुर्घटना के वक्त वाहन चला रहा था। वह डीएमसी लुधियाना के एंबुलेंस से अपने घर पहुंचने वाला पहला शख्स था। वह स्ट्रेचर पर अपने घर आया और घटनाक्रम को लेकर स्तब्ध था। बाद में भट्टी का शव एक एंबुलेंस में जालंधर सिविल अस्पताल से यहां लाया गया। उनकी चिता को उनके पुत्र जसराज ने आज शाम यहां एक श्मशान घाट में मुखाग्नि दी। अनेक लोगों ने नम आंखों से अपने चहेते भट्टी को विदाई दी।

अंतिम संस्कार में हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, पंजाब के मंत्री आदेश प्रताप सिंह, पंजाब के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार हरचरण सिंह बैंस और गुरदास मान, जसबीर जस्सी, मेहर मित्तल और गुरप्रीत घुग्गी समेत पंजाबी फिल्म उद्योग के अन्य कलाकारों ने हिस्सा लिया। दूरदर्शन के स्वर्णिम दिनों में अपने व्यंग्य शो ‘उल्टा पुल्टा’ और ‘फ्लॉप शो’ से लोकप्रिय हुए भट्टी अपनी आगामी फिल्म ‘पावर कट’ का प्रचार करने के लिए यात्रा पर निकले थे तभी यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में फिल्म की अभिनेत्री सुरीली गौतम और पीआरओ नवनीत जोशी भी घायल हुए। (एजेंसी)

First Published: Thursday, October 25, 2012, 22:24

comments powered by Disqus