दोस्ती और प्यार की कहानी है ‘ये जवानी है दीवानी’

‘ये जवानी है दीवानी’ (रिव्यू): सभी को भा रही दीपिका-रणबीर की केमेस्ट्री

‘ये जवानी है दीवानी’ (रिव्यू): सभी को भा रही दीपिका-रणबीर की केमेस्ट्रीज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : फिल्म निर्माता अयान मुखर्जी ने दर्शकों को अपनी फिल्म ‘ये जवानी है दीवानी’ से एक खूबसूरत तोहफा दिया है। दर्शकों को लंबे समय के इंतजार के बाद एक अच्छी फिल्म देखने को मिलेगी। मुखर्जी ने इस फिल्म में कुछ नया पेश नहीं किया है लेकिन कहानी को जिस तरीके से ट्रीट किया गया है, वह उसे खास बना देता है। फिल्म हर वर्ग के दर्शक को पंसद आएगी।

फिल्म लड़का-लड़की के बीच की प्रेम कहानी है। कबीर उर्फ बनी (रणबीर कपूर) एक बेफिक्र लड़का है उसका शादी के बंधन में यकीन नहीं है। वह अपने पिता (फारुख़ शेख़) और सौतेली मां (तन्वी आज़मी) के साथ रहता है। अवि (आदित्य रॉय कपूर) और अदिति (कल्की कोचलिन) बनी के सबसे अच्छे दोस्त हैं। अदिति को अवि से प्यार है लेकिन वह उससे कभी अपने प्यार का इजहार नहीं करती।

इस फिल्म में रणबीर औऱ दीपिका चार साल बाद एक साथ नजर आए हैं। दोनों ने इस फिल्म में शानदार अभिनय किया है। रणबीर और दीपिका ने एक बार फिर साबित किया है कि पर्दे पर भी उनकी बीच केमेस्ट्री बेहतरीन है।

फिल्म की कहानी कुछ यूं है- तीनों दोस्त मनाली जाते हैं। नैना (दीपिका पादुकोण) जो बनी के ही स्कूल में पढ़ती थी और अब मेडिकल की पढ़ाई कर रही है एक ब्रेक चाहती है और इसलिए इन तीनों दोस्तों के साथ मनाली के लिए निकल पड़ती है।
मनाली जाते समय बनी और नैना एक दूसरे का साथ पसंद करने लगते हैं। एक दिन नैना, बनी के सामने अपना प्यार जताने वाली होती है लेकिन तभी पता चलता है कि बनी को शिकागो विश्वविद्यालय से स्कॉलरशिप मिल गई है।
बनी इस मौके को गंवाना नहीं चाहता और वह शिकागो चला जाता है।

बनी आठ साल बाद अदिति की शादी के लिए भारत लौटता है जहां उसकी मुलाकात दोबारा नैना से होती है। एक बार फिर पुराना प्यार जागता है लेकिन नैना खुद को आगे बढ़ने से रोक लेती है क्योंकि बनी तो दुनिया घूमना चाहता है लेकिन वो अपने परिवार औऱ क्लीनिक (वो अब डॉक्टर है) को नहीं छोड़ना चाहती। अयान ने इस फिल्म में दो अलग-अलग नजरिया रखने वाले लोगों की सोच को खूबसूरती से दिखाया है।

फिल्म कुछ जगह ढीली-ढाली लगती है लेकिन कुछ दृश्य बेहद मनोरंजक हैं। मनाली के भूदृश्य काफी आकर्षण पैदा करते हैं। फिल्म का गीत-संगीत भी शानदार है। संवाद बेहतरीन है। नए जमाने की सोच को दर्शाने वाले संवाद दर्शकों को काफी पसंद आएंगे।

रणबीर और दीपिका का अभिनय बेहतरीन है। जैसे-जैसे बॉलीवुड में समय गुजर रहा है, दोनों कलाकारों के अभिनय में निखार आता जा रहा है। साथ ही दोनों कलाकारों के बीच की केमेस्ट्री रही-सही कसर पूरी कर देती है। माधुरी दीक्षित ने `घाघरा` गाने में अपने डांस से चार चांद लगा दिए हैं।

कुल मिलाकर अयान के निर्देशन से एक बेहतरीन फिल्म निकली है। जहां तक संगीत का सवाल है संगीतकार प्रीतम ने एक बार फिर कर्णप्रिय संगीत दिया है। `बलम पिचकारी` और `बद्तमीज़ दिल` पहले ही हिट चुके हैं। `ये जवानी है दीवानी` एक बेहद ही मनोरंजक फिल्म है जिसमें मनोरंजन के साथ सभी कुछ है जिसे आज के दर्शक देखना चाहेंगे।

First Published: Friday, May 31, 2013, 15:24

comments powered by Disqus