ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
अहमदाबाद: गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का परचम तीसरी बार लहरा गया है। मतों की गिनती समाप्त होने के बाद भाजपा की झोली में कुल 115 सीट आए। बीजेपी को मिली इस भारी जीत के साथ ही मोदी ने हैट्रिक भी लगा ली है।
गुरुवार सुबह आठ बजे यहां कड़ी सुरक्षा के बीच गिनती शुरू हुई, जो शाम चार बजे तक चली। गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना में 182 सीटों में से भाजपा ने 116 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस को 61 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। केशुभाई पटेल की पार्टी जेपीपी को 2 सीटें मिली और अन्य दलों ने 4 सीटों पर जीत हासिल की।
115 सीटों पर कब्जा जमाने के बाद बीजेपी को गुजरात में स्पष्ट बहुमत मिल गया है और राज्य में बीजेपी ने पांचवीं बार लगातार जीत दर्ज की।
बीजेपी ने अधिकांश सीटों पर अपनी बढ़त शुरू से ही कायम रखी। हालांकि कांग्रेस ने कई सीटों पर बीजेपी को कड़ी टक्कर दी है।
गुजरात में मोदी की सरकार एक बार फिर काबिज होगी। चर्चा इस बात की थी कि क्या भाजपा अपने पूर्व के सीटों 117 के आंकड़े को पार कर जाएगी। जीत की खुशी में बीजेपी के प्रदेश कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।
नरेंद्र मोदी को अपने गृह नगर मणिनगर में जीत मिली। उन्होंने 86373 वोटों से जीत हासिल की। जीत मिलते ही इस बात की चर्चा ने जोर पकड़ ली है कि मोदी का अगला लक्ष्य दिल्ली होगा।
सूबे में आज कई दिग्गज नेता धाराशायी हो गए। प्रदेश कांग्रेस अर्जुन मोढवाडिया पोरबंदर सीट से चुनाव हार गए हैं। गुजरात परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष केशुभाई पटेल ने विसावदर विधानसभा सीट से जीत हासिल कर ली है।
बीजेनी ने 2007 में मिली 117 सीटों से ज्यादा सीटें इस बार हासिल की। वर्ष 2001 से सत्ता में काबिज मोदी को हटाने के लिए बेकरार कांग्रेस के मंसूबे इस बार भी धरे रह गए। मोदी के विश्वस्त अमित शाह ने विश्वास जताया था कि भाजपा को 182 सदस्यीय विधानसभा में दो-तिहाई सीटें निश्चित रूप से मिलेंगी और ऐसा हुआ भी।
इससे पहले, गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतों की गणना आज यहां कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। यहां दो चरणों में 13 और 17 दिसंबर को चुनाव हुआ था। पहले चरण में 87 और दूसरे चरण में 95 सीटों के लिए मतदान हुआ था।
एक्जिट पोल में तीसरी बार मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने की संभावना व्यक्त किए जाने से उत्साहित भाजपा समर्थक सुबह से ही मतगणना केंद्रों के आसपास जुटे गए और फूल मालाएं लेकर जीत का जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी। विधानसभा में इस समय भाजपा के अभी 117 सदस्य हैं। उधर, राज्य में दोनों दौर में हुए भारी मतदान और चुनावी दंगल में वरिष्ठ नेता केशुभाई पटेल की पार्टी (जीपीपी) की मौजूदगी को देखते हुए विपक्षी कांग्रेस को भी आस थी। राज्य मे इस बार रिकार्ड 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था।
पूरे राज्य में इलेक्ट्रानिक मशीनों से चुनाव होने के कारण कुछ ही समय के अंदर रुझान मिलने शुरू हो गए।
मणिनगर विधानसभा सीट से मोदी ने निलंबित आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट की पत्नी एवं कांग्रेस उम्मीदवार श्वेता भट्ट को हराया। बता दें कि श्वेता राजनीति में बिल्कुल नई हैं और पहली बार चुनाव लड़ रही हैं। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में प्रारंभिक रूझान में भाजपा को बढ़त मिलने के बीच पार्टी ने आज कहा कि यह भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए वोट है और इससे संकेत मिलता है कि लोगों ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि प्रारंभिक रूझानों से दोनों राज्यों में भाजपा की सत्ता में बने रहने के संकेत मिलते हैं। उन्होंने कहा कि यह भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए वोट है और इससे संकेत मिलता है कि लोगों ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है।
First Published: Thursday, December 20, 2012, 19:00
|