द.अफ्रीका में गांधी प्रतिमा का अनावरण - Zee News हिंदी

द.अफ्रीका में गांधी प्रतिमा का अनावरण

जोहान्सबर्ग : राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने जोहान्सबर्ग के ‘ओल्ड फोर्ट’ कारागार के चार नंबर सेल में महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का गुरुवार को अनावरण किया। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका में बिताए वक्त के दौरान महात्मा गांधी वर्ष 1908 से 1913 के बीच चार बार इस कैदखाने में बंद हुए थे।

 

इस मौके पर प्रतिभा पाटिल ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद विरोधी आंदोलन के प्रणेता नेलसन मंडेला भी इसी कैदखाने में बंद किए गए थे। इस प्रतिमा को गौतम पाल ने बनाया और आईसीसीआर (भारतीय सांस्कृतिक सम्बंध परिषद) ने ‘कंस्टिट्यूशन कोर्ट’ में तब्दील हो चुके इस कैदखाने को भेंट किया। इस मौके पर महात्मा गांधी की पड़पोती कीर्ति मेनन भी मौजूद थीं जो यहां के एक विश्वविद्यालय में कुलसचिव हैं।

 

प्रतिभा ने महात्मा गांधी से संबंधित एक संग्रहालय का भी मुआइना किया। वह गांधी से जुड़ी अन्य जगहों पर भी जाएंगी। उन्होंने कहा, ‘दक्षिण अफ्रीका वह स्थान है, जहां विश्व पहली बार अहिंसा के जरिए राजनैतिक परिवर्तन लाने में महात्मा गांधी के योगदान का गवाह बना।’ उन्होंने कहा कि भारत के लोग हमें ‘महात्मा’ देने के लिए दक्षिण अफ्रीका के आभारी हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, May 3, 2012, 22:41

comments powered by Disqus