पाकिस्तान ने 337 भारतीय कैदियों को किया रिहा

पाकिस्तान ने 337 भारतीय कैदियों को किया रिहा

कराची : नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी के कारण दोनों देशों के बीच उत्पन्न तनाव की पृष्ठभूमि में पाकिस्तान ने शुक्रवार को 337 भारतीय नागरिकों को रिहा किया। इनमें से ज्यादातर मछुआरे हैं।

दक्षिण सिंध प्रांत के गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि मलीर जेल से 329 कैदियों को रिहा किया गया जबकि आठ किशोरों को लांधी स्थित ‘यूथफुल ऑफेंडर होम’ से रिहा किया गया। दोनों जेल सिंध की राजधानी कराची में स्थित हैं।

जेल अधीक्षक शुजा हैदर ने बताया, ‘मलीर जेल से एक भारतीय कैदी को रिहा नहीं किया जा सका क्योंकि उसकी नागरिकता के संबंध में कुछ विवाद है।’ ज्यादातर भारतीय मछुआरे हैं जिन्हें विवादित सर क्रीक पार कर पाकिस्तान में प्रवेश करने के आरोप में नौवहन सुरक्षा एजेंसी ने गिरफ्तार किया है। रिहा किए गए सभी कैदी अपनी सजा काट चुके हैं।

हैदर ने कहा कि भारतीय कैदी घर जाने को लेकर बहुत खुश थे।

उन्होंने कहा, ‘सभी कैदियों को आठ वातानुकुलित बसों में लाहौर भेजा गया है। सरकार ने उन्हें भोजन और नगदी दी है।’ उन सभी को शनिवार को वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 23, 2013, 17:47

comments powered by Disqus