Last Updated: Sunday, September 29, 2013, 18:36
संयुक्त राष्ट्र : युद्धग्रस्त सीरिया से रासायनिक हथियारों का जखीरा नष्ट करने का अभियान मंगलवार से आरंभ होगा जो कि अब तक के सबसे बड़े और खतरनाक नि:शस्त्रीकरण अभियानों में से एक होगा।
सीरिया में 1000 टन से अधिक सरीन, जहरीली गैस और अन्य प्रतिबंधित खतरनाक रासायनिक हथियार हैं। संयुक्त राष्ट्र और वैश्विक रासायनिक हथियारों पर नजर रखने वालों ने विशेषज्ञों से इस अभियान में शामिल होने की अत्यावश्यक अपील की है।
इस में शामिल होने वालों को जान के खतरे का सामना करने और बेहद कम समय सीमा में लक्ष्य हासिल करने के लिए तैयार रहना होगा।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने इस अभियान को ‘चुनौतीपूर्ण’ करार दिया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने सीरिया के रासायनिक हथियारों के जखीरे को नष्ट करने का प्रस्ताव गत शुक्रवार को सर्वसम्मति से स्वीकार किया था।
रासायनिक हथियार निषेध संगठन (ओपीसीडब्ल्यू) के इस अभियान के साथ साथ संयुक्त राष्ट्र अगस्त में दमिश्क में हुए सरीन गैस हमले और अन्य संदिग्ध हमलों की जांच भी करेगा।
इराक और लीबिया में रासायनिक हथियारों के खात्मे के अभियान शुरू किए गए हैं लेकिन कभी भी युद्ध के दौरान कोई अभियान नहीं चलाया गया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, September 29, 2013, 18:36