Last Updated: Sunday, March 17, 2013, 17:48

रोम : दो भारतीय मछुआरों की हत्या के सिलसिले में भारत में सुनवाई का सामना कर रहे इटली के एक नौसैनिक की मां ने रविवार को कहा कि उनके बेटे के साथ न्याय किया गया है और ‘अब सब कुछ ठीक है।’
उल्लेखनीय है कि केरल तट पर एक इतालवी तेल टैंकर की सुरक्षा करते समय इटली के नौसैनिकों मस्सिमिलिआनो लाटोरे और सल्वातोरे गिरोने ने गोलीबारी कर दो भारतीय मछुआरों की हत्या कर दी थी। इस हत्या के सिलसिले में दोनों नौसैनिकों के खिलाफ भारत की एक अदालत में मुकदमा चल रहा है।
भारत और इटली के बीच उस समय विवाद उत्पन्न हो गया जब रोम ने वोट देने आये अपने नौसैनिकों को वापस भेजने से इंकार कर दिया। इससे पहले 22 फरवरी को उच्चतम न्यायालय ने इन दोनों नौसैनिकों को चुनाव में वोट देने हेतु चार सप्ताह तक इटली जाने की अनुमति दी थी।
मस्सिमिलिआनो की मां ने कहा, ‘अब सबकुछ ठीक है।’ उन्होंने कहा कि उनका बेटा सिपाही है और ‘भारत का मित्र है।’ उन्होंने कहा कि वह इस बात से बेहद खुश हैं कि दोनों लोग अपने काम पर लौट आये हैं।
मस्सिमिलिआनो की मां ने एक समाचार चैनल से कहा, ‘हमारे बच्चे अपनी ड्यूटी करने के लिये अब स्वतंत्र हैं। न्याय किया गया है।’
गौरतलब है कि भारत ने इटली के साथ राजनयिक रिश्तों के स्तर को कम करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और रोम के लिये नामित भारतीय राजदूत को वहां जाने से रोक दिया है। भारत ने राजनयिक, व्यापारिक एवं रक्षा सहित दोनों देशों के संबन्धों के सभी पहलुओं की समीक्षा करने की घोषणा की है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 17, 2013, 17:48