उत्तर भारत में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

उत्तर भारत में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

नई दिल्ली : उत्तर भारत में विभिन्न स्थानों पर लगातार बारिश होने के बीच कई नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही हैं वहीं उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 34 हो गयी है।

राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। नगर में न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। शहर में 0.8 मिमी बारिश हुई। उधर उत्तराखंड में आईटीबीपी और पुलिस के जवान मूसलाधार बारिश के कारण गिर गए घरों के मलबों में शवों को खोज रहे हैं। सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तरकाशी जिले में छह लोग अब भी लापता हैं।

इस बीच सरकारी कंपनी यूजेवीएन लि. की अस्सी गंगा पनबिजली परियोजना के 23 श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया गया है। शनिवार को बादल फटने के बाद वे लापता हो गए थे।

उत्तराखंड में दो दिनों से बारिश जारी रहने के कारण भूस्खलन हुआ है और अचानक आयी बाढ़ ने कई घरों को निशाना बनाया है वहीं चारधाम की यात्रा भी ठहर गयी है और सैंकड़ों तीर्थयात्री फंसे हुए हैं।

उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने से प्रमुख नदियां उफान पर हैं तथा उनके तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शारदा, घाघरा जैसी नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही हैं जिससे बड़े क्षेत्र में बाढ़ की आशंका बनी हुयी है। राप्ती नदी श्रावस्ती के भिनगा तथा बलरामपुर में और बूढी राप्ती सिद्वार्थनगर जिले में खतरे के निशान से उपर है। गंगा नदी का जलस्तर कन्नौज कानपुर इलाहाबाद से लेकर बलिया तक बढ रहा है वहीं यमुना नदी भी तेजी से बढ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक बारिश बिजनौर में 48 मिलीमीटर दर्ज की गयी है जबकि इलाहाबाद के छतनाग तथा बलिया के तुर्तीपार में क्रमश: 38 एवं 24 मिलीमीटर पानी बरसा है।
बाढ की आशंका के मद्देनजर उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी जिलाधिकरियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये हैं।

जम्मू कश्मीर में अचानक आयी बाढ़ में फंसे 24 लोगों को बचा लिया गया है। राज्य में भारी बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया वहीं कई एकड़ कृषि भूमि भी प्रभावित हुयी हैं। जम्मू, सांबा, रिसाई और उधमपुर जिलों में निचले क्षेत्रों में कई घरों में पानी घुस गया। जम्मू क्षेत्र में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के बाद राज्य की कई नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, August 5, 2012, 21:07

comments powered by Disqus