उत्तर भारत में गर्मी और उमस से हाल हुआ बेहाल

उत्तर भारत में गर्मी और उमस से हाल हुआ बेहाल

नई दिल्ली : उत्तर भारत में गर्मी और उमस से आम जनजीवन काफी प्रभावित रहा। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और उत्तर प्रदेश में आंधी से दो लोगों की मौत हो गई।

दिल्ली में उमस के कारण लोगों को काफी दिक्कतें हुईं। हालांकि अधिकतम तापमान शनिवार को लगातार दूसरे दिन 40 डिग्री सेल्सियस के स्तर से नीचे रहा। राष्ट्रीय राजधानी में पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा जो सामान्य से एक डिग्री कम था। कल अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। दिल्ली में आर्द्रता 49 से 73 प्रतिशत के बीच रही।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में आंधी के कारण हुए हादसे में एक महिला सहित दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हुए। मौसम विभाग ने कहा कि राज्य के कुछ भागों में पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश हुई। बिजनौर में चार सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई जबकि प्रतापगढ़ तथा कानपुर में एक-एक सेंटीमीटर बारिश हुई। उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान बांदा (41.8 डिग्री सेल्सियस) में दर्ज किया गया। राजस्थान में गर्मी के तेवरों में कोई नरमी नहीं आई है और श्रीगंगानगर आज 48.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। चुरू, जैसलमेर, बाड़मेर और जयपुर में अधिकतम तापमान क्रमश: 47.2, 44.6, 43.5, 43.4 और 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा में तापमान ज्यादातर स्थलों पर सामान्य स्तर पर रहा। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34 . 8 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि अमृतसर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार और भिवानी में अधिकतम तापमान क्रमश: 44 और 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 8, 2013, 21:57

comments powered by Disqus