Last Updated: Friday, January 6, 2012, 15:47
नई दिल्ली : उत्तर भारत में तापमान में मामूली वृद्धि हुई, लेकिन कोहरा, बारिश और हिमपात ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। कश्मीर घाटी के कई इलाकों में बर्फ की मोटी तह जमी है। हालांकि न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। श्रीनगर में रात भर बारिश और हिमपात का सिलसिला चला। यहां 1.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।
स्कीइंग के लिए प्रसिद्ध गुलमर्ग सहित घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से हिमपात हुआ और बर्फ की मोटी तह जम गई। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर से 52 किमी दूर स्थित गुलमर्ग में आठ इंच बर्फ जमी है। घाटी में यही एक स्थान है जहां तेज ठंड पड़ रही है और न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक था। सुबह शहर पर कोहरा छाया हुआ था। पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से ट्रेनों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में दोनों राज्यों में कई स्थानों पर दृश्यता 100 मीटर से कम रह सकती है।
अन्य राज्यों में राजस्थान में भी रात के तापमान में वृद्धि हुई। बीकानेर में राज्य में सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 6, 2012, 21:17