झमाझम बारिश से उत्तर भारत में लू हुआ शांत

झमाझम बारिश से उत्तर भारत में लू हुआ शांत

नई दिल्ली : भयंकर लू से परेशान लोगों ने गुरुवार को राहत की सांस ली जब उत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से मध्यम बारिश हुई और भयंकर गर्मी पर विराम लगा। शाम को तेज हवा के बाद आई बारिश से राष्ट्रीय राजधानी में भी लोगों को सुखद अहसास हुआ। हालांकि कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम से लोग परेशान भी हुए ।

उससे पहले दिन में राजधानी में भयंकर गर्मी रही। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 92 फीसदी रही। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आज शाम 39 मिलीमीटर बारिश हुई। अंबाला, भिवानी, पटियाला और लुधियाना भी बौछारें पड़ीं। हालांकि इस क्षेत्र में दिन का तापमान ऊंचा रहा। नारनौल 46 डिग्री तापमान के साथ हरियाणा में सबसे गर्म स्थान रहा जबकि हिसार 45.4 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर था।

अमृतसर में अधिकतम तापमान सर्वाधिक 44.8 डिग्री रहा जबकि लुधियाना में पारा 43.6 डिग्री तक गया। पूर्वी उत्तरप्रदेश में भी छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम वष्रा हुई जबकि राज्य के अन्य क्षेत्रों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। खेरी में तीन सेंटीमीटर बारिश हुई जबकि बहराइच और सीतापुर में दो-दो सेंटीमीटर बारिश हुई।

आगरा 45.4 डिग्री के साथ इस क्षेत्र का सबसे गर्म स्थान रहा। राजस्थान में लू में कोई कमी नहीं आयी क्योंकि इस मरूभूमि प्रदेश में तापमान कई स्थानों पर सामान्य से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार चुरू और बीकानेर 47 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहे। श्रीगंगानगर, जैसलमेर, कोटा और जयपुर में दिन का तापमान क्रमश: 46.9, 44.6, 44.2 और 43.9 डिग्री रहा। अन्य स्थानों पर पारा 40 के ऊपर या उसके आसपास रहा।

हिमाचल प्रदेश में भी मध्य और उचे पहाड़ी क्षेत्रों में रूक-रूककर बारिश हुई जिससे दिन के तापमान में आंशिक कमी आयी। शिमला में दिनभर आसामन में बादल छाया रहा। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में भी बारिश हुई। निचले पहाड़ी क्षेत्र में उना सबसे गर्म दिन रहा जहां तापमान 42.8 डिग्री रहा। (एजेंसी)

First Published: Thursday, June 6, 2013, 21:54

comments powered by Disqus