भाजपा लोकतंत्र की सच्ची हत्यारी : कांग्रेस - Zee News हिंदी

भाजपा लोकतंत्र की सच्ची हत्यारी : कांग्रेस

नई दिल्ली : लोकपाल मुद्दे पर भाजपा की ‘बाधा उत्पन्न करने वाली तरकीबों’ और प्रधानमंत्री को निशाना बनाने के प्रयासों से क्षुब्ध कांग्रेस ने आज विपक्षी पार्टी पर प्रहार करते हुए कहा कि ‘हत्यारा’ ही दूसरे पर लोकतंत्र की हत्या का दोष मढ़ने का प्रयास कर रहा है।

 

पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि राज्यसभा में गुरुवार को लोकपाल विधेयक पर जो कुछ हुआ उस संबंध में भाजपा ‘लोकतंत्र की हत्यारी’ साबित हुई है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा शर्तें थोपकर भ्रष्टाचार विरोधी लोकपाल विधेयक में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश कर रही है।

 

सिंघवी ने आरोप लगाया कि भाजपा मजबूत भ्रष्टाचार निरोधक कानून नहीं चाहती है। यह इस बात से साबित होता है कि भाजपा शासित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में ‘काफी कमजोर’ लोकायुक्त हैं और कर्नाटक में पिछले छह महीने एवं गुजरात में कई वर्षों से लोकायुक्त नहीं है।

 

उनसे जब पूछा गया कि मुद्दे पर भाजपा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है तो उन्होंने कहा, ‘हत्यारा ही लोकतंत्र की हत्या का दोष दूसरे पर मढ़ने का प्रयास कर रहा है।’  उन्होंने कहा, ‘भाजपा को हम नकारात्मक राजनीति करने से नहीं रोक सकते। लेकिन निकट भविष्य में इसे करारा जवाब मिलने वाला है।

 

उन्होंने कहा कि लोकपाल मुद्दे पर भाजपा का ‘धोखेबाज चेहरा, पाखंडी रूख और दोहरी जबान’ देखने को मिला। कांग्रेस प्रवक्ता ने टीम अन्ना पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इसके सदस्यों को बाइफोकल लेंस का इस्तेमाल करना चाहिए ताकि वे ‘यूनिफोकल कांग्रेस विरोधी दृष्टि’ की अपेक्षा भाजपा की ‘कुछ खामियां और कमियां’ भी देख सकें। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 30, 2011, 23:08

comments powered by Disqus