उत्तर भारत में भीषण शीतलहर - Zee News हिंदी

उत्तर भारत में भीषण शीतलहर

नई दिल्ली : पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है जिससे नौ और लोगों की मौत हो गई जबकि घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। उत्तर प्रदेश में ठंड से संबंधित घटनाओं में नौ और लोगों की मौत हो गई जिससे मरने वालों की संख्या 20 हो गई है।

 

गोरखपुर, फैजाबाद और लखनऊ में तापमान काफी गिर गया है। आजमगढ़ और प्रतापगढ़ में तीन तीन, बलिया में दो, बलरामपुर में एक व्यक्ति की मौत हुई । पंजाब और हरियाणा भी शीतलहर की चपेट में हैं। इन दोनों राज्यों में कई स्थानों पर तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई है। अंबाला 2.3 डिग्री न्यूतनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। हिसार एवं करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 2.6 एवं चार डिग्री सेल्सियस रहा।

 

राजस्थान में कई स्थानों पर पारा गिर गया। चुरू में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीगंगानर में 2.7 , पिलानी में 3.2 , वनस्थली में 4.8 और जयपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। जम्मू कश्मीर में ठंड तेज हो गई है और राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री नीचे तक चला गया।

 

श्रीनगर में कई स्थानों पर रात का तापमान घटने से जलापूर्ति लाइनों में पानी बर्फ में बदल गया है। उत्तरी कश्मीर के पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.2 डिग्री सेल्सियस तक चला गया जबकि पहलगाम शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे के तापमान से ठिठुर रहा है। सुदूर लद्दाख के लेह जिले में पारा शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। पश्चिम बंगाल में उत्तरी और पश्चिमी जिलों में मध्यम शीतलहर चल रही है। बिहार में भी शीतलहर का प्रकोप है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 18, 2011, 10:22

comments powered by Disqus