कश्मीर में हिमपात से जनजीवन प्रभावित

कश्मीर में हिमपात से जनजीवन प्रभावित

श्रीनगर : कश्मीर में शुक्रवार को हुए इस मौसम की पहले भारी हिमपात के बाद क्षेत्र में जनजीवन खासा प्रभावित हुआ है। क्षेत्र में जहां बिजली आपूर्ति बाधित हुई है, वहीं सड़क और हवाई यातायात भी ठप पड़ गया है। यातायात अधिकारियों ने बताया कि भारी हिमपात की वजह से जम्मू एवं कश्मीर राजमार्ग के बनिहाल और पत्नीटॉप सेक्टर में शुक्रवार को दूसरे दिन भी परिवहन बंद रहा।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह से अंतर जिला सड़क सम्पर्क भी बंद कर दिया गया है। सड़क को साफ कर दोबारा से यातायात बहाल करने के लिए 100 से अधिक बर्फ हटाने वाली मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कश्मीर विश्वविद्यालय ने अपनी शुक्रवार से शुरु होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।

प्रशासन ने कश्मीर घाटी में ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमस्खलन की चेतावनी जारी कर दी है और लोगों को अत्याधिक सावधानी के साथ घरों से निकलने की सलाह दी गई है। हिमपात के चलते कश्मीर घाटी के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों और कई शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वे बिजली आपूर्ति दोबारा से बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं।

उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग, सोनमार्ग और दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम और पीर पांजाल पर्वतों पर भारी हिमपात होने की खबर है। स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक मौसम में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि कल (शनिवार) सुबह से मौसम में बदलाव आना शुरू होगा। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 18, 2013, 12:26

comments powered by Disqus