Last Updated: Monday, February 11, 2013, 21:26
अररिया : लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने बिहार में सत्तारुढ़ राजग सरकार पर आरोप लगाते हुए आज कहा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता को विकास का बायस्कोप दिखाकर गुमराह कर रहे हैं।
बिहार बचाओ यात्रा के क्रम में अररिया के नेताजी सुभाष स्टेडियम में एक सभा को संबोधित करते हुए पासवान ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार जनता को विकास का बायस्कोप दिखाकर गुमराह कर रहे हैं। राज्य की जनता भ्रष्टाचार और अपराध से त्रस्त है। नीतीश सरकार के कार्यकाल में अपराध का ग्राफ बहुत उंचा चला गया है।’’ उन्होंने कहा भाजपा पर आरोप लगाया कि भगवा पार्टी दंगाइयों की पार्टी है और नीतीश कुमार उसके साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं। भाजपा का साथ देने पर ही उन्होंने (पासवान ने) नीतीश का साथ छोड दिया था।
पासवान ने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार ने राजस्व संग्रह बढ़ाने के नाम पर शराब की नीति को बढ़ावा दिया, जिससे नौजवान पीढ़ी बर्बाद हो रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि फारबिसगंज पुलिस गोलीकांड के अल्पसंख्यक पीड़ितों को न्याय नहीं मिला है। उन्हें राज्य सरकार की ओर से उचित मुआवजा नहीं मिला है। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 11, 2013, 21:26