Last Updated: Thursday, August 2, 2012, 17:33

भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल से पांच मंत्रियों को हटा दिया और नौ को शामिल किया। इसके साथ ही उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या बढ़कर (मुख्यमंत्री सहित) 21 हो गई है।
जिन पांच मंत्रियों को हटाया गया है उनमें अंतनु सब्यसाची नायक, प्रफुल्ल घडई, पुष्पेंद्र सिंहदेव, प्रताप जेना और प्रफुल्ल समाल शामिल हैं। उन्होंने मंत्रिमंडल में फेरबदल से चंद मिनट पहले इस्तीफा दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी बताया कि उनके इस्तीफे मंजूरी के लिए राज्यपाल के पास भेज दिए गए हैं। हटाए गए सदस्य राज्य सभा सदस्य प्यारी मोहन महापात्रा के करीबी माने जाते हैं। जिन्होंने कथित तौर पर गत 29 मई को पटनायक को सत्ता से हटाने की कोशिश की थी लेकिन नाकाम रहे थे।
शामिल किए गए कैबिनेट मंत्रियों में दामोदर राउत, बिजयश्री रॉउत्रे और कल्पतरु दास शामिल हैं। नए राज्य मंत्रियों में रबी नारायण नंदा, प्रताप किशोर देव, अरुण साहु, राजनकांत सिंह, सुब्रत तराय और सरोजनी हेम्बराम शामिल हैं।
नए मंत्रियों को राज्यपाल एम.सी. भंडारे ने राजभवन में एक सादा समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। (एजेंसी)
First Published: Thursday, August 2, 2012, 17:33