यूपी में भारी बारिश, जनजीवन प्रभावित

यूपी में भारी बारिश, जनजीवन प्रभावित


लखनऊ : उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से एक तरफ जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं दूसरी ओर बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को इससे काफी राहत मिली है। बारिश के चलते शहरी इलाकों में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे तक मौसम में बदलाव होने के संकेत नहीं है। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि पिछले दो दिनों के भीतर राजधानी और उसके आसपास के जिलों में भारी बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे में इसके जारी रहने की सम्भावना है। गुप्ता ने बताया कि बारिश से पश्चिमी उप्र और पूर्वी उप्रदे के किसानों को काफी राहत मिलेगी। धान, टमाटर और मिर्च की खेती करने वाले किसान लम्बे समय से बारिश का इंतजार कर रहे थे।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रही भारी बारिश से एक ओर जहां किसान खुश हैं, वहीं दूसरी ओर शहरी इलाकों में लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ में भारी बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

राजधानी के अलावा गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 32. 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)

First Published: Friday, September 14, 2012, 11:48

comments powered by Disqus