Last Updated: Wednesday, August 22, 2012, 00:08
रामेश्वरम (तमिलनाडु): पाक जलडमरूमध्य स्थित कच्चातिवू के पास मंगलवार को कथित रूप से श्रीलंकाई नौसेना के दो हमलों में तमिलनाडु के 22 मछुआरे जख्मी हो गए जबकि उसने 16 अन्य को कुछ समय के लिए बंधक बना लिया। बीते दो दिनों में इस तरह की यह दूसरी घटना है।
अधिकारियों ने बताया कि रामेश्वरम से कल 600 से अधिक नावों में बड़ी संख्या में मछुआरे समुद्र में मछली पकड़ने के लिए रवाना हुए थे। तड़के जब वे कच्चातिवू के पास थे तब श्रीलंकाई नौसैनिकों ने भारतीय मछुआरों की तीन नावों को घेर लिया और 16 को हिरासत में ले लिया। कच्चातिवू एक छोटा द्वीप है जिसे भारत ने श्रीलंका को सौंप दिया था।
मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हिरासत में लिए गए मछुआरों को पड़ोसी देश की नौसैनिक श्रीलंका के नेदुंतिवु ले गए जहां से उन्हें वापस भेजने से पहले उनकी पिटाई की गई। उन्होंने बताया कि सभी मछुआरे आज रामेश्वरम पहुंच गए। इन मछुआरों में से एक गंभीर रूप से घायल था जिसे रामनाथपुरम सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। बाकी मछुआरों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 22, 2012, 00:08