हम इस संकट से उबर जाएंगे : सदानंद गौड़ा

हम इस संकट से उबर जाएंगे : सदानंद गौड़ा

बेंगलुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा ने अपने नेतृत्व के खिलाफ येदियुरप्पा खेमे के विद्रोह से विचलित हुए बिना विश्वास जताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के हस्तक्षेप से इस संकट का समाधान हो जाएगा। गौड़ा ने राज्यपाल एच.आर. भारद्वाज से राजभवन में मुलाकात की और वित्त विधेयक (बजट) को पारित करने के लिए अगले महीने विधानसभा का सत्र बुलाने पर विचार विमर्श किया। इसके अलावा उन्होंने नौ मंत्रियों के इस्तीफे के मुद्दे पर भी राज्यपाल को जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के प्रति निष्ठा रखने वाले नौ मंत्रियों के इस्तीफे राज्यपाल को नहीं दिये। पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष के एस ईश्वरप्पा ने यह पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि इन इस्तीफों को स्वीकार करने का प्रश्न ही नहीं उठता। गौड़ा ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी और कर्नाटक में पार्टी मामलों के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मंत्रियों के इस्तीफे के मुद्दे पर कल रात बात की है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 30, 2012, 13:58

comments powered by Disqus