Last Updated: Monday, June 2, 2014, 13:07
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपने पूर्व प्रेमी असीम मर्चेंट को कानूनी नोटिस भेजा है। असीम प्रियंका के पूर्व मैनेजर प्रकाश जाजू पर एक फिल्म बना रहे हैं। असीम ने इस फिल्म को जाजू की बॉयोपिक बताया है। प्रियंका को लगता है कि यह फिल्म उनके निजी एवं पेशगत जीवन के ईद-गिर्द हो सकती है जो कि उनकी निजता का उल्लंघन है। प्रियंका ने नोटिस की एक कॉपी जाजू को भी भेजी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक असीम को नोटिस प्रियंका के वकील आनंद देसाई की ओर से भेजा गया है जिसमें कहा गया है, `असीम मर्चेन्ट जाजू की जीवनी पर फिल्म बनाने के बहाने उनकी मुवक्किल की निजता के अधिकार का उल्लंघन कर रहे हैं। यह एक तरीके का मानहानि है। अपनी निजी जिंदगी को विषय बनाने से उनकी मुवक्किल हैरान है।`
गौरतलब है कि मर्चेन्ट ने हाल ही में अपना एक प्रोडक्शन हाउस लॉन्च किया है। साल 2004 में प्रियंका और जाजू के बीच विवाद हो गया था। प्रियंका के पिता ने जाजू पर प्रियंका को धमकाने का आरोप लगाया था। प्रियंका के पिता ने जाजू के खिलाफ केस दर्ज कराया था,जिसके चलते जाजू को 67 दिन की जेल भी हुई थी।
First Published: Monday, June 2, 2014, 13:07