भाजपा को बढ़त वाले जनमत सर्वेक्षणों को कांग्रेस, जद-यू ने खारिज किया

भाजपा को बढ़त वाले जनमत सर्वेक्षणों को कांग्रेस, जद-यू ने खारिज किया

पटना/नई दिल्ली : कांग्रेस और जदयू ने शुक्रवार को उन जमनत सर्वेक्षणों को नकार दिया जिनमें भाजपा को बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है और कहा कि इन सर्वेक्षणों के पीछे ‘राजनीतिक एजेंडा’ है और ये सिर्फ ‘जनसंपर्क अभियान’ हैं।

दूसरी ओर भाजपा ने लोकसभा चुनावों के लिए जनमत सर्वेक्षणों को पेश करते हुए दावा किया कि सिर्फ राजग ही स्थिर सरकार दे सकता है। इसके साथ ही पार्टी ने कहा कि कई क्षेत्रीय दल जो कभी उसके सहयोगी थे, वे उसके साथ आ सकते हैं जिससे ‘वृहद राजग’ बन सकता है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने चुनाव सर्वेक्षणों को खारिज करते हुए कहा, ‘ऐसे सर्वेक्षण आते रहते हैं, ऐसे सर्वेक्षणों के पीछे राजनीतिक एजेंडा है।’ इन सर्वेक्षणों में कांग्रेस की सीटें घटने और भाजपा को बढ़त मिलने की संभावना व्यक्त की गई है।

उन्होंने पटना में संवाददाताओं से कहा, ‘2004 और 2009 में ऐसे सर्वेक्षण गलत साबित हुए और कांग्रेस नीत संप्रग सत्ता में आया।’ एक अन्य केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने इन सर्वेक्षणों से असहमति जताई और भाजपा का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार चुने गए हैं, वे विपक्ष में बैठेंगे।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी समझे जाने वाले रमेश ने चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों के नतीजों को खारिज कर दिया जिनमें कांग्रेस के लिए कम सीटों का आकलन किया गया है और भाजपा को मजबूत दिखाया गया है। उन्होंने कहा, ‘2004 और 2009 में भी इस तरह के सर्वेक्षण गलत रहे थे और कांग्रेस नीत संप्रग सत्ता में आई थी।’

रमेश को झारखंड का ‘सुपर मुख्यमंत्री’ कहे जाने के संबंध में एक सवाल पर उन्होंने कहा, ‘मैं झारखंड में केवल समन्वय समिति का एक सदस्य हूं और मैं जो 10 सुझाव देता हूं, उनमें से 5 या 6 से ज्यादा स्वीकार नहीं किए जाते।’

आम आदमी पार्टी के बारे में एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की पिछले दो हफ्ते की गतिविधियों से साफ हो गया है कि वे आंदोलन करने में कुशल हैं लेकिन प्रशासन में नहीं।

वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शहरों के दो-चार सौ लोगों से पूछे गए ऐसे सर्वे सटीक नहीं होते हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोकसभा चुनाव के पूर्व विभिन्न समाचार चैनलों के सर्वे के बारे में नीतीश ने कहा कि शहरों के दो-चार सौ लोगों से पूछे गए ऐसे सर्वे सटीक नहीं होते हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 24, 2014, 23:41

comments powered by Disqus