Last Updated: Monday, June 2, 2014, 23:05
नई दिल्ली : उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में आज तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान में गरज के साथ छींटे पड़ने से लोगों को थोड़ी राहत मिली।
राष्ट्रीय राजधानी में कड़ी धूप के कारण लोग पसीने से तर रहे। दिल्ली में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पास तक जा पहुंचा। सुबह के वक्त दिल्ली में मौसम सुहावना था। न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस था। पर जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, पारा सामान्य से एक डिग्री नीचे 39.9 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। आर्द्रता का स्तर दिन में 34 से 65 फीसदी के बीच रहा। मौसम विभाग ने दिल्ली में कल भी ऐसे ही मौसम का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। पंजाब और हरियाणा में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहा। दोनों राज्यों में तापमान सामान्य से कुछ उपर चला गया। पंजाब और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।
स्थानीय मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा का हिसार 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दोनों राज्यों में सबसे गर्म स्थान रहा। अंबाला में 40.9, भिवानी में 40.8 और करनाल में 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 2, 2014, 23:05