पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देगा भारत : थलसेना प्रमुख

पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देगा भारत : थलसेना प्रमुख

पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देगा भारत : थलसेना प्रमुखनई दिल्ली : थलसेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह ने सोमवार को पाकिस्तान को आगाह किया कि अगर पड़ोसी देश किसी नियम का उल्लंघन करता है तो भारत भी समान लहजे में जवाब देगा। इसके साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि हाल ही में सेना की कार्रवाई में 10 पाकिस्तानी जवानों की जान गई थी।

उन्होंने इस धारणा से इंकार किया कि पिछले साल पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा भारतीय जवानों का सिर काटे जाने को लेकर भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने सालाना सेना दिवस संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं आपको आश्वासन देता हूं कि कार्रवाई की गई है.. अगर मैं 23 दिसंबर की जियो टीवी की रिपोर्ट की ओर ध्यान दिलाऊं जिसमें कहा गया था कि उनके एक अधिकारी और नौ जवानों को मारा गया जबकि 12-13 जख्मी हो गए। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि आपके सैनिकों ने जमीन पर गोलीबारी की। उन्होंने अपना काम किया है।’ जनरल सिंह ने कहा कि जब भी नियंत्रण रेखा पर संघर्षर्विराम का उल्लंघन होता है तो वस्तुत: ‘स्थानीय स्तर पर लघु युद्ध’ की स्थिति होती है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि सैनिक बेहतरीन काम कर रहे हैं। स्थानीय इकाइयां बढ़िया काम कर रही हैं। सैनिकों ने अच्छे ढंग से प्रतिक्रिया व्यक्त की है और उन्होंने जरूरत के अनुसार प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

पाकिस्तान द्वारा नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का बार-बार उल्लंघन किए जाने का जिक्र किए जाने पर थलसेना प्रमुख जनरल सिंह ने कहा, ‘यह निर्भर करता है, अगर हमारे पडोसियों द्वारा नियमों का पालन किया जाता है, हम भी नियमों का पालन करते हैं। अगर नियमों को तोड़ा जाता है तो निश्चित तौर पर हम नियमों पर कायम नहीं रहेंगे। हम भी नियमों का उल्लंघन कर सकते हैं।’ जनरल सिंह ने इसके साथ ही यह भी कहा कि जवाबी कार्रवाई के बाद भी प्रयास यह होता है कि स्थिति को और खराब नहीं होने दिया जाए। प्रयास यह होता है कि पेशेवर तरीके से उसी स्थान पर उचित जवाब दिया जाए जहां हम पर गोलीबारी की गई।

पिछले साल आठ जनवरी को पाकिस्तानी सैनिकों ने एक भारतीय जवान का सिर काट दिया था। इसके बाद जनरल सिंह ने कहा था कि भारतीय सेना के पास जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित है जहां समय और स्थान अपने हिसाब से होगा। जनरल सिंह ने अपने बयान को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह ‘स्थानीय कमांडरों को स्थिति से निपटने के लिए जरूरी कार्रवाई की स्वतंत्रता देना चाहते हैं।’ सेना प्रमुख ने आज के संघर्षविराम के उल्लंघन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने महानिदेशक (सैन्य अभियान) ले. जनरल विनोद भाटिया से इस मामले में गौर करने तथा इस मुद्दे पर अपने पाकिस्तानी समकक्ष से बातचीत करने को कहा है।

जनरल सिंह ने कहा कि भारतीय सैनिकों को पता लगा कि तीन आतंकवादी भारत की सीमा में घुसपैठ का प्रयास कर रहे हैं। इसके बाद पुंछ क्षेत्र में संघषर्विराम का उल्लंघन हुआ। ‘अगर घुसपैठ का प्रयास किया गया तो हम उन्हें उचित जवाब देंगे।’ उन्होंने कहा कि 27 अक्तूबर को दोनों देशों के डीजीएमओ ने एक दूसरे से बातचीत की थी। इसके बाद संघर्षविराम के उल्लंघन की यह पहली घटना है।

जनरल सिंह ने कहा कि उस वीडियो की जांच की जा रही है जिसमें कथित तौर पर लांस नायक हेमराज का सिर दिखाया गया है। पाकिस्तानी सैनिकों ने पिछले साल हेमराज का सिर काट दिया था। उन्होंने कहा कि वीडियो की प्रमाणिकता की जांच की जा रही है और अगर यह सही पाया गया तो उचित स्तर पर इस मुद्दे को उठाया जाएगा। उन्होंने वीडियो दिखाने के लिए मीडिया की आलोचना करते हुए कहा कि सैनिकों को सिर्फ नायकों के रूप में प्रदर्शित किया जाना चाहिए।

कश्मीर के माछिल में 2010 में हुई मुठभेड़ के बारे में उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया के तहत दो अधिकारियों और जवानों के खिलाफ आरोप हैं और वे जनरल कोर्ट मार्शल का सामना कर रहे हैं। जनरल सिंह ने कहा कि माछिल मामले में सेना की कार्रवाई से भविष्य में फर्जी मुठभेड़ को लेकर सख्त संदेश जाएगा।

उन्होंने कहा कि मानवाधिकार उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है और यह नीति इस संबंध में हमारी प्रतिबद्धता का इजहार करती है। उन्होंने कहा कि देश के कानून के प्रति हमारा काफी सम्मान है और हम इसका पालन करेंगे। उन्होंने पार्थीबल मामले में कार्यवाही पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने से इंकार कर दिया और कहा कि यह मामला अदालत में है और इस बारे में टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 13, 2014, 17:56

comments powered by Disqus