Last Updated: Saturday, January 25, 2014, 21:01
नई दिल्ली : टेनिस स्टार लिएंडर पेस और बैडमिंटन खिलाड़ी से कोच बने पुलेला गोपीचंद को शनिवार को प्रतिष्ठित पद्म भूषण पुरस्कार के लिए चुना गया जबकि क्रिकेटर युवराज सिंह उन सात खिलाड़ियों में शामिल रहे जिन्हें इस साल पद्म श्री पुरस्कार के लिए चुना गया।
स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल, भारत की पूर्व महिला क्रिकेट कप्तान अंजुम चोपड़ा, सुनील डबास (कबड्डी), लव राज सिंह धर्मशक्तु (पर्वतारोहण), एच बोनीफेस प्रभु (व्हील चेयर टेनिस) और ममता सोढा (पर्वतारोहण) उन अन्य खिलाड़ियों में शामिल रहे जिन्हें पद्म श्री पुरस्कारों के लिए चुना गया।
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान में से एक पद्म भूषण किसी क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिया जाता है जबकि पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में सराहनीय सेवा के लिए। ये पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में समारोह के दौरान राष्ट्रपति देते हैं।
राजीव गांधी खेल रत्न और अर्जुन पुरस्कार हासिल कर चुके 40 वर्षीय पेस 14 ग्रैंडस्लैम के साथ भारत के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ी हैं। उन्होंने आठ पुरुष युगल जबकि छह मिश्रित युगल ग्रैंडस्लैम जीते। पिछले साल वह अमेरिकी ओपन के साथ अपना 14वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने में सफल रहे और इस दौरान मेजर खिताब जीतने वाले सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी बने। (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 25, 2014, 21:01