उत्तर भारत में शीतलहर, लेह का पारा -15 डिग्री सेंटीग्रेड

उत्तर भारत में शीतलहर, लेह का पारा -15 डिग्री सेंटीग्रेड

नई दिल्ली : उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। फिलहाल इससे निजात मिलता नहीं दिख रहा है क्योंकि हिमाचल प्रदेश में फिर से बर्फबारी हुई है। हिमाचल और कश्मीर के कई इलाकों में तापमान शून्य से 15 डिग्री नीचे तक पहुंच गया है।

राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह काफी ठंड रही और बर्फीली हवाएं चलीं और पूरे दिन कोहरे की स्थिति बनी रही। मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम है जबकि न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है।

शीतलहर का प्रकोप कश्मीर में भी बढ़ा है क्योंकि कारगिल, लद्दाख के अधिकतर इलाकों में तापमान काफी नीचे पहुंच गया है और वहां रात का तापमान अब तक का सबसे कम रहा है। कारगिल का तापमान शून्य से 15.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो कल के तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस नीचे से करीब सात डिग्री कम है।

कारगिल राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा। नजदीकी लेह शहर का तापमान कल रात शून्य से 14.8 डिग्री सेल्सियस कम मापा गया। श्रीनगर में रात का तापमान दो डिग्री नीचे गिरा और यह शून्य से 0.6 डिग्री कम दर्ज किया गया।

उत्तरप्रदेश में हल्के बादल छाए रहे और राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ा है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तरप्रदेश में विभिन्न स्थानों पर कोहरा छाया रहा। राज्य का नजीबाबाद सबसे सर्द स्थान रहा जहां का तापमान 2.4 डिग्री मापा गया। कानपुर का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस जबकि लखनऊ का 5 डिग्री सेल्सियस रहा।

बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में और कमी आई। आदिवासी इलाकों और उच्च पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई और राज्य के निचले हिस्सों में बादल आंशिक रूप से छाए रहे। आदिवासी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस कम से लेकर शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस कम तक मापा गया।

लाहौल एवं स्पीति तथा किन्नौर जिले में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस कम और शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम मापे गए जबकि मनाली का तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

बहरहाल, पंजाब और हरियाणा के कई इलाके ठंड की चपेट में रहे और आदमपुर में तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दोनों राज्यों में पंजाब का आदमपुर सबसे ठंडा स्थान रहा। राजस्थान भी ठंड की चपेट में है जहां चुरू और श्रीगंगानगर का तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आर्दता 97 से 62 फीसदी के बीच बनी रही। मौसम विभाग ने कल सुबह हल्के बादल छाए रहने और कोहरा पड़ने का अनुमान जताया है। दिल्ली में कल अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 18 डिग्री और 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 27, 2013, 21:59

comments powered by Disqus