भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन की कवायद शुरू, संघ नेताओं से मिले राजनाथ

भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन की कवायद शुरू, संघ नेताओं से मिले राजनाथ

नई दिल्ली : सरकार गठन के बाद भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत और संघ के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनकी जगह पार्टी का शीर्ष पद संभालने वाले संभावित नामों को लेकर चर्चा की।

सूत्रों ने बताया कि भागवत ने पंजाब रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से टेलीफोन पर बात की लेकिन यह नहीं ज्ञात हो पाया कि दोनों के बीच क्या बात हुई। भागवत आज सुबह ही यहां आए थे।

राजनाथ मोदी सरकार में गृह मंत्री हैं। उन्होंने भागवत के साथ कुछ समय बिताया और पार्टी में संभावित बदलावों को लेकर चर्चा की। साथ ही उन्होंने सरकार गठन के बाद अपनी जगह अध्यक्ष पद पर किसे लाया जाए, इस बारे में बात की। समझा जाता है कि उन्होंने संघ नेताओं से अनुच्छेद 370 को लेकर भी चर्चा की है।

भाजपा अध्यक्ष के रूप में राजनाथ की जगह पाने वालों में पार्टी महासचिवों जेपी नड्डा, अमित शाह और ओम प्रकाश माथुर के नाम चल रहे हैं। नड्डा चर्चाओं से दूर रहने वाले हिमाचल प्रदेश के नेता हैं, शाह को मोदी का नजदीकी माना जाता है जबकि माथुर राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रमुख हैं जो संघ के करीबी माने जाते हैं।

भागवत और राजनाथ की बातचीत के दौरान भाजपा में संघ के प्रतिनिधि सुरेश सोनी भी मौजूद थे। उम्मीद है कि राजनाथ जल्द ही पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ेंगे क्योंकि वह अब भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार का हिस्सा हैं। भाजपा के संगठन में आमूल चूल बदलाव की उम्मीद है क्योंकि अधिकांश नेता अब सरकार में शामिल हो गए हैं। पार्टी संगठन में नये चेहरे देखने को मिल सकते हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, May 28, 2014, 23:33

comments powered by Disqus