Last Updated: Sunday, April 6, 2014, 14:31

बुसान (कोरिया) : भारतीय डेविस कप टीम ने यहां कोरिया पर उसकी सरजमीं पर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर विश्व ग्रुप प्ले आफ में प्रवेश किया। सोमदेव देववर्मन ने आज ग्रुप एक एशिया ओसनिया के दूसरे राउंड के मुकाबले के उलट एकल में योंग क्यू लिम को पराजित किया। सोमदेव ने पहला उलट एकल 6-4 , 5-7 , 6-3 , 6-1 से अपने नाम किया जिससे भारत 3-1 से जीत गया। इससे दूसरा उलट एकल बेमानी हो गया और रद्द हो गया।
भारतीय टीम के सदस्य सनम सिंह ने ट्वीट किया, सोमदेव देववर्मन ने शानदार प्रयास किया और हमें कोरिया के खिलाफ जीत दिलायी। रोहन बोपन्ना ने भी ट्वीट किया, आक्रामक सोमदेव। बोपन्ना ने कल महत्वपूर्ण युगल में साकेत मायनेनी के साथ मिलकर जीत दर्ज की थी और भारत को बढ़त दिलायी थी। सोमदेव ने फिर अपने जुझारू जज्बे का प्रदर्शन किया, उन्होंने पहले दिन भी कठिन मुकाबले में फतह हासिल की थी।
भारत के इस नंबर एक खिलाड़ी को उनके कभी हार नहीं मानने के जज्बे के लिये काफी सराहा जाता है और आज फिर उन्होंने कोरिया के शीर्ष एकल खिलाड़ी के खिलाफ ऐसा ही खेल दिखाया। लिम ने शुरूआती एकल मैच में सनम सिंह को पराजित किया था, लेकिन आज वह सोमदेव के सामने नहीं टिक सके। भारत ने इससे कोरिया के खिलाफ अपने ओवरआल रिकॉर्ड में भी सुधार किया जो अब 4-6 हो गया है।
पिछली बार दोनों टीमें 2013 में आमने सामने हुई थी, जिसमें कोरिया ने नयी दिल्ली में भारत को 4-1 से शिकस्त दी थी। भारतीय टीम में उस समय शीर्ष खिलाड़ी मौजूद नहीं थे क्योंकि उन्होंने इस मुकाबले का बहिष्कार किया था। भारतीय टीम ने कोरिया के खिलाफ मुकाबले से पहले ताइपे को 5-0 से मात दी थी जबकि मेजबान टीम को पहले राउंड में बाई मिली थी क्योंकि वह शीर्ष वरीयता प्राप्त टीमों में शामिल थी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, April 6, 2014, 14:31