Last Updated: Friday, December 13, 2013, 20:52
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच कांग्रेस ने शुक्रवार को ‘आप’ पार्टी को बिना शर्त समर्थन दिया। कांग्रेस ने अपने आठ विधायकों का समर्थन वाला पत्र दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग को भेज दिया।
कांग्रेस ने ‘आप’ को बिना शर्त समर्थन दिया है। अपने आठ विधायकों का समर्थन वाला पत्र कांग्रेस ने उपराज्यपाल नजीब जंग को भेज दिया है। कांग्रेस ने ‘आप’ से सरकार बनाने और अपना घोषणापत्र लागू करने का अनुरोध किया है।
इसके पहले, ‘आप’ के नेता योगेंद्र यादव ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि दिल्ली में सरकार के गठन के लिए जरूरी विधायकों की संख्या उनकी पार्टी के पास नहीं है और पार्टी खरीद-फरोख्त में विश्वास नहीं करती।
यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘हमें उप राज्यपाल की तरफ से एक औपचारिक पत्र प्राप्त हुआ है। उप राज्यपाल कल 10.30 बजे दिल्ली में सरकार बनाने की संभावना पर हमसे चर्चा करना चाहते हैं।’
‘आप’ के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘हम उप राज्यपाल के निमंत्रण का स्वागत करते हैं। हमारे नेता अरविंद केजरीवाल की तबीयत ठीक नहीं हैं, फिर भी वह कल उप-राज्यपाल से मिलेंगे। केजरीवाल उन्हें एक पत्र भी सौंपेंगे जिसमें यह बताया जाएगा कि सरकार बनाने के लिए जरूरी विधायकों की न तो हमारे संख्या है और न ही हम सबसे बड़े दल हैं। हम उन्हें यह भी बताएंगे कि हमारी पार्टी खरीद-फरोख्त में विश्वास नहीं करती।’
उन्होंने कहा, ‘उप-राज्यपाल को पत्र सौंपने के बाद यही पत्र हम मीडिया को कल जारी कर देंगे।’ सरकार गठन पर ‘आप’ का क्या रुख है, इस सवाल पर यादव ने कहा कि उप-राज्यपाल से बातचीत से पहले वह पार्टी के रुख का खुलासा नहीं कर सकते।
इसके पहले दिन में ‘आप’ नेता कुमार विश्वास ने संकेत दिया था कि उनकी पार्टी दिल्ली में दिल्ली में सरकार बना सकती है। विश्वास ने कहा कि सभी विकल्प खुले हैं और सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
First Published: Friday, December 13, 2013, 20:52