Last Updated: Friday, December 13, 2013, 17:33
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के नेता योगेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि उप राज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात के बाद उनकी पार्टी दिल्ली में सरकार बनाने के बारे में अपना रुख स्पष्ट कर देगी। ‘आप’ शनिवार को उप राज्यपाल से मुलाकात करेगी।
यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘हमें उप राज्यपाल की तरफ से एक औपचारिक पत्र प्राप्त हुआ है। उप राज्यपाल कल 10.30 बजे दिल्ली में सरकार बनाने की संभावना पर हमसे चर्चा करना चाहते हैं।’
‘आप’ के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘हम उप राज्यपाल के निमंत्रण का स्वागत करते हैं। हमारे नेता अरविंद केजरीवाल की तबीयत ठीक नहीं हैं, फिर भी वह कल उप-राज्यपाल से मिलेंगे। केजरीवाल उन्हें एक पत्र भी सौंपेंगे जिसमें यह बताया जाएगा कि सरकार बनाने के लिए जरूरी विधायकों की न तो हमारे संख्या है और न ही हम सबसे बड़े दल हैं। हम उन्हें यह भी बताएंगे कि हमारी पार्टी खरीद-फरोख्त में विश्वास नहीं करती।’
उन्होंने कहा, ‘उप-राज्यपाल को पत्र सौंपने के बाद यही पत्र हम मीडिया को कल जारी कर देंगे।’ सरकार गठन पर ‘आप’ का क्या रुख है, इस सवाल पर यादव ने कहा कि उप-राज्यपाल से बातचीत से पहले वह पार्टी के रुख का खुलासा नहीं कर सकते।
इसके पहले दिन में ‘आप’ नेता कुमार विश्वास ने संकेत दिया था कि उनकी पार्टी दिल्ली में दिल्ली में सरकार बना सकती है। विश्वास ने कहा कि सभी विकल्प खुले हैं और सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है।
First Published: Friday, December 13, 2013, 17:30