Last Updated: Saturday, February 8, 2014, 23:42
कोलकाता : राज्यसभा चुनावों में कल तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए मतदान करने के बाद वाम मोर्चा के तीन विधायक आज पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी में शामिल हो गए। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव मुकुल रॉय ने दावा किया कि उनकी पार्टी के लिए मतदान करने वाले कांग्रेस के दो विधायक भी जल्द ही पार्टी में शामिल होंगे।
वाम मोर्चा के तीनों विधायक - पिछली वाम मोर्चा सरकार में लोक निर्माण मंत्री रहे दशरथ तिर्की, अनंत देव और सुनील मंडल तृणमूल मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान मौजूद थे। तिर्की और देव जहां आरएसपी के नेता थे, वहीं मंडल फॉरवर्ड ब्लॉक के सदस्य थे। वाम मोर्चा और कांग्रेस के पांच विधायकों द्वारा तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने से उसे कल हुए राज्यसभा चुनाव में एक अतिरिक्त सीट पाने में मदद मिली।
रॉय ने कहा कि विधायकों ने वाम मोर्चा में विश्वास खो दिया है और उचित समय पर अपनी सीटों से इस्तीफा दे देंगे।
तृणमूल महासचिव ने दावा किया कि कांग्रेस के दो बागी विधायक - सुशील रॉय और एमानी विश्वास भी जल्द ही उनकी पार्टी में शामिल होंगे। पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से सुशील रॉय और एमानी विश्वास को कल कांग्रेस से निलंबित कर दिया गया था। (एजेंसी)
First Published: Saturday, February 8, 2014, 23:42