आम आदमी पार्टी सोमनाथ भारती के साथ, नहीं देंगे इस्तीफा

आम आदमी पार्टी सोमनाथ भारती के साथ, नहीं देंगे इस्तीफा

आम आदमी पार्टी सोमनाथ भारती के साथ, नहीं देंगे इस्तीफाज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : अफ्रीकी महिलाओं से अभद्रता के मामले में घिरे दिल्ली के कानून मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती को पार्टी ने क्लीन चिट दे दी है। पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है। हालांकि, पार्टी ने भारती को अपनी भाषा पर संयम रखने की सलाह जरूर दी है।

पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) ने गुरुवार शाम एक बैठक की थी जिसमें सोमनाथ को समन जारी कर बुलाया गया था। पार्टी ने काफी मंथन के बाद इस संबंध में निर्णय लिया है। सूत्रों का कहना है कि भारती को पार्टी ने मीडिया से दूरी बनाने और अपने कुछ बयानों पर खेद व्यक्त करने की सलाह दी है। पार्टी ने भारती को भाजपा नेता अरुण जेटली और वकील हरीश साल्वे के खिलाफ दिए बयान पर माफी मांगने को कहा है।

गौरतलब है कि युगांडा की 2 महिलाओं ने सोमनाथ भारती पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युगांडा की महिलाओं के बयान सीआरपीसी की धारा-164 के तहत साकेत कोर्ट में मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए।

महिलाओं ने अपने बयान में कहा, `सोमनाथ भारती के साथ मौजूद लोगों के हाथों में डंडे थे। उन्होंने हमसे मारपीट की। हमें धक्के दिए गए। उन्होंने हमें सरेआम अपमानित किया। लोग हमारे खिलाफ अपशब्द बोल रहे थे।` इन महिलाओं ने टीवी फुटेज से कानून मंत्री सोमनाथ भारती की पहचान भी की है।

मालूम हो कि मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में पुलिस के साथ सोमनाथ भारती की बहस हो गई थी। भारती के मुताबिक, सूचना देने के बावजूद पुलिस दल ने ड्रग्स और सेक्स रैकेट चलाने वाले गिरोह के खिलाफ छापा मारने से इनकार कर दिया था। इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस के एक एसीपी और 2 एसएचओ को सस्पेंड करने की मांग को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने धरना भी दिया था।

First Published: Thursday, January 23, 2014, 22:14

comments powered by Disqus