Last Updated: Sunday, February 2, 2014, 19:46
मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल) : माकपा पोलितब्यूरो के सदस्य बुद्धदेव भट्टाचार्य ने आज स्वीकार किया कि जनवरी 2011 में नेताई गांव में नौ ग्रामीणों की हत्या में उनकी पार्टी के लोग शामिल थे। उस समय बुद्धदेव प्रदेश के मुख्यमंत्री थे और इस घटना को लेकर व्यापक रोष जताया गया था।
नेताई की घटना पर अफसोस जताते हुए भट्टाचार्य ने वाम मोर्चा द्वारा यहां आयोजित एक रैली में कहा, ‘नेताई जैसी घटनाएं गलत हैं। हमारे लोगों ने नेताई में गलत काम किया।’ सात जनवरी 2011 को पश्चिमी मेदिनीपुर जिले के नेताई गांव में माकपा के एक स्थानीय नेता के घर से अंधाधुंध गोलीबारी की गयी थी जिससे नौ ग्रामीणों की मौत हो गयी थी। इस घटना के सिलसिले में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया था वे सब माकपा के कार्यकर्ता थे।
उन्होंने कहा, ‘अगर कुछ गलती हुई है तो हमें अपनी ओर से खेद जताना चाहिए। लोगों की मौत की निंदा की जानी चाहिए भले ही राजनीतिक झुकाव कुछ भी हो।’ पूर्व मुख्यमंत्री ने हालांकि आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार हिंसा का सहारा ले रही है। उन्होंने सवाल किया, ‘लेकिन क्या तृणमूल कांग्रेस ने अपनी गलतियों के लिए अफसोस जताया है।?’ उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं के कारण नंदीग्राम में निर्दोष लोगों की जानें गयीं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 2, 2014, 19:46