उप राज्यपाल ने खारिज की दिल्ली विधानसभा भंग करने की सिफारिश| Kejriwal

उप राज्यपाल ने खारिज की दिल्ली विधानसभा भंग करने की सिफारिश

उप राज्यपाल ने खारिज की दिल्ली विधानसभा भंग करने की सिफारिशज़ी मीडिया ब्यूरो

नई दिल्ली : दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने दिल्ली विधानसभा भंग करने की अरविंद केजरीवाल की सिफारिश नहीं मानी है। जंग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट भेजी है जिस पर गृह मंत्रालय ने कानून मंत्रालय से राय मांगी है। जंग ने दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश की है।

इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों की बैठक आज शाम कौशांबी में होने वाली है जिसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।

आप पार्टी से निष्कासित विधायक विनोद कुमार बिन्नी ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि केजरीवाल का एजेंडा लोकसभा चुनाव लड़ना है और आम चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दिया है।

इसके पहले आप के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव ने संवाददाताओं से कहा, ‘यह स्पष्ट है कि आम आदमी पार्टी पूरे देश में आम चुनाव केजरीवाल के नेतृत्व में लड़ेगी।’ केजरीवाल ने शुक्रवार को कांग्रेस और भाजपा के विरोध के चलते दिल्ली विधानसभा में जनलोकपाल विधेयक पेश करने में असफल रहने के कुछ ही देर बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस आप सरकार को बाहर से समर्थन दे रही थी जबकि भाजपा मुख्य विपक्षी पार्टी थी।

कांग्रेस और विपक्षी भाजपा ने कहा कि केजरीवाल कभी भी शासन को लेकर गंभीर नहीं थे और वह अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में ‘नाकामी’ को छुपाने के लिए ‘भागने’ का बहाना खोज रहे थे। भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी दिल्ली में एक वैकल्पिक सरकार बनाने की बजाय ताजा चुनाव में जाने का प्रयास करेगी क्योंकि उसके पास सरकार बनाने के लिए राज्य विधानसभा में विधायकों की जरूरी संख्या नहीं है।

First Published: Saturday, February 15, 2014, 16:52

comments powered by Disqus