Last Updated: Monday, November 4, 2013, 16:46
ज़ी मीडिया ब्यूरोमुंबई : मुंबई के शक्ति मिल परिसर में फोटो जर्नलिस्ट के साथ गैंगरेप के करीब दो महीने के बाद एक बार फिर मुंबई को शर्मसार होना पड़ा। खबर है कि एक नवंबर की रात गोरेगांव इलाके में 16 साल की लड़की के साथ उसके चार दोस्तों ने गैंगरेप किया। पुलिस ने आज बताया कि गोरेगांव के संतोष नगर इलाके के निवासी छह लड़कों ने शुक्रवार को पीड़िता से दीवाली का जश्न मनाने के लिए साथ आने को कहा।
चूंकि लड़की उन लड़कों को जानती थी, वह उनके साथ चली गई। इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गए और उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब लड़की बेसुध हो गई तो उन छह में से चार लड़कों ने बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया। सभी आरोपियों की उम्र 20 से 30 साल के बीच है।
घटना से स्तब्ध पीड़िता रविवार तक चुप रही लेकिन बाद में अपनी दादी को घटना के बारे में बताया जिसके बाद पीड़िता और उसकी दादी ने दिन्दोशी पुलिस थाने में कल एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने कहा कि लड़कों को अंदेशा था कि लड़की पुलिस के पास जाएगी, इस वजह से वह फरार हो गए। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने कई बल गठित किए हैं। पीड़िता ने आठवीं कक्षा में ही पढ़ाई छोड़ दी थी।
पुलिस ने बताया कि रविवार को भगवती अस्पताल में लड़की की चिकित्सा जांच की गई और इसकी रिपोर्ट जल्द ही मिल जाएगी। सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (जी) के तहत, डिंडोशी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
First Published: Monday, November 4, 2013, 11:35