Last Updated: Friday, June 6, 2014, 14:20
नई दिल्ली : दिल्ली में शुक्रवार सुबह तेज धूप निकली और मौसम गर्म रहा। दिल्ली में आज तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहने के आसार हैं। गौर हो कि राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहने के बाद आज पारा 45 डिग्री के पार जाने की संभावना है। कल का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, आज का न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री उपर है। दिन के समय तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। आज सुबह आठ बज कर 30 मिनट पर शहर में आद्रता का स्तर 42 प्रतिशत दर्ज किया गया।
अगले कुछ दिनों तक दिल्लीवासियों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं क्योंकि मौसम विज्ञानियों ने 10 जून तक दिन का तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का पूर्वानुमान जताया है। कल का तापमान (44.7 डिग्री) पिछले पांच सालों में सर्वाधिक तापमान था।
मौसम विभाग ने बताया कि सफदरजंग वेधशाला में दर्ज अधिकतम तापमान को शहर के तापमान का आधिकारिक माप माना जाता है। यह तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक था। पालम इलाके में पारा 46.6 डिग्री पर रहा, जो कि इस मौसम का सर्वाधिक तापमान था। दक्षिण पूर्वी दिल्ली के आया नगर में अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया जबकि रिज इलाकों में तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 6, 2014, 14:20